राजनीति
तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो की मौत, दो गंभीर
ई-रिक्शा बचाने में हुआ हादसा, बाइकों के उड़े परखच्चे
लालगंज (रायबरेली)।
कोतवाली क्षेत्र के बांदा-बहराइच मार्ग पर शोभवापुर गांव के पास रविवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सरेनी थाना क्षेत्र के रावतपुर कला गांव निवासी रामप्रसाद (32), अपने चचेरे भाई तेज बहादुर (28) पुत्र छेदीलाल तथा मंगा खेड़ा मजरे सेमरपहा गांव निवासी धुन्नर (30) पुत्र रामनाथ के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर दो सड़का की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खीरो थाना क्षेत्र के पाहो गांव निवासी महेंद्र सिंह (55) पुत्र रामराज सिंह, गैगासों गंगा घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रहे थे।
शोभवापुर गांव के पास एक ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महेंद्र सिंह और तेज बहादुर को मृत घोषित कर दिया। रामप्रसाद और धुन्नर की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पंचायतनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Comments