राजनीति
भारत
सजग बचपन, सुरक्षित भविष्य ओबरा पुलिस ने बच्चों को सिखाए सुरक्षा के मंत्र
सोनभद्र (ओबरा)। जानकारी ही असली सुरक्षा है। इसी मूलमंत्र के साथ क्षेत्राधिकारी (CO) ओबरा, अमित कुमार ने छात्रों के बीच पहुंचकर उन्हें साइबर अपराध, यातायात सुरक्षा और पुलिस हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक किया। ओबरा क्षेत्र के प्रतिष्ठित सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित एक विशेष सत्र के दौरान क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में जितना जरूरी पढ़ाई करना है, उतना ही आवश्यक अपने आसपास के खतरों और उनसे बचाव के प्रति सतर्क रहना भी है। आज के दौर में बच्चे इंटरनेट का अधिक उपयोग कर रहे हैं, ऐसे में क्षेत्राधिकारी ने साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें। व्यक्तिगत फोटो और जानकारी सोशल मीडिया पर पब्लिक न करें।
अनजान नंबरों से आए आकर्षक ऑफर वाले लिंक पर क्लिक न करें। साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें। सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए क्षेत्राधिकारी ने बच्चों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन पर हेलमेट और कार में सीट बेल्ट अनिवार्य है।
जेब्रा क्रॉसिंग और ट्रैफिक सिग्नल का सम्मान करना एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है। छोटी-छोटी सावधानियां सड़क पर बड़े हादसों को टालने में सहायक होती हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की कार्यक्षमता के बारे में विस्तार से बताया गया। 112 आपातकालीन पुलिस सहायता (यूपी 112) 1090/1091 महिला एवं बालिका सुरक्षा, 1930 साइबर अपराध की शिकायत, समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस जन-जागरूकता अभियान की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि इस तरह के संवाद से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे पुलिस को अपना मित्र समझने लगते हैं।क्षेत्राधिकारी ने अंत में छात्रों को एक जागरूक, सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Comments