नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
Haryana Weather: हरियाणा में न्यू ईयर से पहले घनी धुंध का कहर, आज रात से बदलेगा मौसम
Haryana Weather: नए साल से पहले हरियाणा में घनी धुंध ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बुधवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम रही। पानीपत, जींद, कैथल, सोनीपत, करनाल, झज्जर, हिसार, सिरसा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़ और पलवल में दृश्यता महज 10 से 50 मीटर के बीच दर्ज की गई। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कोहरे की मार से रेल यातायात प्रभावित
घने कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी साफ दिखाई दिया। हिसार में कई ट्रेनें देरी से चलीं। किसान एक्सप्रेस करीब आधा घंटा, रेवाड़ी-फाजिल्का एक्सप्रेस 26 मिनट, जबकि गोरखधाम एक्सप्रेस तीन घंटे से अधिक देरी से रवाना हुई। इसके अलावा हरिद्वार-भावनगर एक्सप्रेस भी सवा दो घंटे लेट चल रही है। यात्रियों को स्टेशनों पर इंतजार करना पड़ा।
आज रात बारिश का अनुमान
मौसम विभाग (IMD) ने सिरसा, हिसार और फतेहाबाद में आज रात गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार नमी वाली हवाएं सक्रिय हो रही हैं, जिससे प्रदेश में कोहरे की तीव्रता और बढ़ सकती है। वहीं, आज रात से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश शुरू होने की संभावना है, जिसका असर मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने के रूप में दिखाई देगा।
20 साल बाद सूखा दिसंबर होने की संभावना
हरियाणा में इस पूरे दिसंबर महीने के दौरान अब तक बारिश दर्ज नहीं की गई है। यदि महीने के अंत तक बारिश नहीं होती है, तो यह 20 साल बाद पहला मौका होगा, जब दिसंबर पूरी तरह सूखा रहेगा। इससे पहले वर्ष 2005 में दिसंबर में एक बूंद भी बारिश नहीं हुई थी। उसके बाद से हर साल दिसंबर में बारिश होती रही है।
तापमान में गिरावट
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया है, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया है।
Read More Haryana: हरियाणा में HCS अधिकारियों को भरनी होगी वार्षिक प्रॉपर्टी रिटर्न, ये है लास्ट तारीखसोनीपत सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सोनीपत प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान मात्र 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं महेंद्रगढ़ में सबसे अधिक 24.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा हिसार में 20.0°C, गुरुग्राम में 20.3°C और चंडीगढ़ में 18.4°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
2 जनवरी तक मौसम रहेगा बदलता
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम 2 जनवरी तक परिवर्तनशील बना रहेगा। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण अधिकतर इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। नमी बढ़ने से सुबह के समय धुंध और कोहरा छाए रहने की संभावना है।
About The Author
imskarwasra@gmail.com
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l

Comments