गोरखपुर–लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप, भदोही स्टेशन पर चार घंटे तक रुकी रही ट्रेन

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

भदोही।
 
भदोही रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब गोरखपुर–लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में बम होने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली। बनारस से ट्रेन के रवाना होने के कुछ समय बाद ही मिली इस संदिग्ध सूचना ने रेलवे व पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया। तुरंत आदेश जारी कर ट्रेन को भदोही स्टेशन पर रोक दिया गया, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
 
सूचना मिलते ही डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता, जीआरपी, आरपीएफ तथा स्थानीय पुलिस की टीमें भारी संख्या में मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। सुरक्षा एजेंसियों ने लगभग चार घंटे तक ट्रेन की बोगियों को खंगाला। हर कोच की बारीकी से जांच की गई और यात्रियों के सामान को एक-एक कर चेक किया गया। यात्रियों से शांत रहने और सहयोग करने की अपील की गई।
 
लंबे समय तक चली सघन तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की। स्थिति सामान्य पाए जाने पर चार घंटे बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए जांच में कोई ढिलाई नहीं बरती गई।
 
वहीं, यात्रियों ने भी सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और सतर्कता की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि सूचना कहां से आई, इसकी जांच की जा रही है। रेलवे व पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें