डीएम ने बैठक में जाना स्वास्थ्य योजनाओं का हाल, कहा लापरवाही बर्दास्त नहीं

Ambedkarnagar Swatantra Prabhat Picture
Published On

जिलाधिकारी ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

अम्बेडकरनगर।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय कुमार शैवाल की उपस्थिति में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आहूत कर स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की योजनावार गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान योजना, आशा भुगतान के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रमों—जैसे राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, पोषण अभियान, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, परिवार नियोजन सेवाएं तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान की भी विस्तार से समीक्षा की।
        जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को समय से भुगतान न करने एवं कार्य में शिथिलता बरतने पर मेडिकल कॉलेज सदरपुर के पटल सहायकों योगेश जायसवाल एवं अंगद प्रजापति का वेतन रोकने के निर्देश दिए तथा उप प्राचार्य को चेतावनी देते हुए दो दिवस में सुधार सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ब्लॉक लेखा प्रबंधक भीटी, बसखारी, रामनगर, जलालपुर एवं टांडा से स्पष्टीकरण मांगते हुए उनका वेतन बाधित करने तथा ब्लॉक लेखा प्रबंधक भीटी के विरुद्ध सेवा से पृथक्करण हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बीसीपीएम टांडा का वेतन बाधित करने एवं मूल पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर टीकाकरण में प्रगति खराब पाए जाने पर बीपीएम जलालपुर तथा एआरओ बसखारी और जहांगीरगंज का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
       बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनपद के शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को योजना से आच्छादित किया जाए।
      इसके अतिरिक्त, उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी एमओआईसी को निर्देशित किया कि मदवार अद्यतन भुगतान सूची नियमित रूप से नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत संचालित समस्त विभागों को आपस में समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने विभाग से संबंधित सभी गतिविधियों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें