राजनीति
भारत
GST Reform: अब बाइक खरीदना हुआ आसान, GST कटौती के बाद इतनी मिल रही छूट
GST Reform: गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) रिफॉर्म 22 सितंबर से लागू होने जा रहा है। हाल ही में वित्त मंत्रालय ने केंद्रीय माल एवं सेवा कर (CGST) की नई दरों की अधिसूचना जारी की, जिसके बाद राज्यों को राज्य जीएसटी (SGST) की दरें अधिसूचित करनी होंगी।
GST परिषद की मंजूरी के बाद अब अधिकांश वस्तुओं और सेवाओं पर 5% और 18% की दर से ही कर लगेगा, जिससे रोजमर्रा की कई वस्तुओं की कीमतों में कमी आने की संभावना है। इसका सीधा असर दोपहिया वाहनों की कीमतों पर भी दिखेगा।
रॉयल एनफील्ड, हीरो, होंडा, टीवीएस, यामाहा, बजाज जैसी बड़ी दोपहिया वाहन कंपनियों ने इस जीएसटी कटौती का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाने की घोषणा की है। इससे बुलेट, पल्सर, अपाचे जैसी लोकप्रिय बाइकों की कीमतों में 6,000 रुपये से 22,000 रुपये तक की कमी आ सकती है।
दक्षिणी दिल्ली के पशुपति मोटर्स के डीलर सतवीर सिंह ने NDTV को बताया कि ग्राहक अब 22 सितंबर के बाद ही डिलीवरी लेना चाहते हैं ताकि उन्हें नई दरों का फायदा मिल सके। उन्होंने अनुमान लगाया कि त्योहारी सीजन में बिक्री दोगुनी से अधिक हो सकती है और लॉन्ग टर्म में 20% तक बढ़त की उम्मीद है।
रॉयल एनफील्ड ने घोषणा की है कि वह अपनी 350 सीसी की बाइक श्रृंखला की कीमतों में 22,000 रुपये तक की कटौती करेगी। इसमें क्लासिक 350, बुलेट 350, मेटियोर 350, हंटर 350 और गोअन क्लासिक 350 शामिल हैं। वहीं यामाहा मोटर इंडिया ने कहा है कि वह R15, MT15, FZ सीरीज, Aerox 155, RayZR और Fascino जैसे मॉडलों की कीमतों में 17,500 रुपये तक की कमी करेगी। TVS मोटर कंपनी ने भी अपनी बाइकें जैसे अपाचे, रोनिन, रेडर, स्पोर्ट और स्कूटर एनटॉर्क, जुपिटर, जेस्ट की कीमतें घटाने की घोषणा की है।
बजाज ऑटो ने कहा कि उसके दोपहिया वाहनों की कीमतों में 20,000 रुपये तक और तीपहिया वाहनों की कीमतों में 24,000 रुपये तक की कमी होगी। हालांकि, बजाज के इलेक्ट्रिक मॉडल्स (iQube, Orbiter, TVS X) की कीमतें अपरिवर्तित रहेंगी क्योंकि इलेक्ट्रिक वाहनों पर पहले से ही कम जीएसटी दरें लागू हैं। होंडा मोटर ने भी अपनी 350 सीसी तक की बाइकों और स्कूटरों की कीमतों में 18,800 रुपये तक की कटौती की घोषणा की है।
वहीं दूसरी ओर, कुछ बड़ी बाइकों जैसे हिमालयन 450, गुरिल्ला 450, स्क्रैम 440 और 650 सीसी रेंज की कीमतें बढ़ जाएंगी क्योंकि उन पर उच्च जीएसटी स्लैब लागू होगा। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि यह जीएसटी कटौती न केवल मांग को बढ़ाएगी, बल्कि त्योहारी सीजन में पहली बार वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को आकर्षित भी करेगी। यह रिफॉर्म दोपहिया वाहन उद्योग के लिए एक बड़ा बूस्ट साबित हो सकता है, जिससे वाहन अधिक अफोर्डेबल बनेंगे और कुल बिक्री में इजाफा होगा।
About The Author
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l


Comments