गुणवत्ता पर सवाल उठाकर ग्रामीणों ने रुकवाया पीसीसी सड़क निर्माण
त्रिवेणीगंज के मयूरवा पंचायत में 15वीं वित्त योजना की सड़क पर अनियमितता का आरोप, जांच शुरू
त्रिवेणीगंज प्रखंड क्षेत्र के मयूरवा पंचायत के वार्ड संख्या 5 में बन रही पीसीसी सड़क का निर्माण कार्य ग्रामीणों के विरोध के बाद रोक दिया गया है। यह सड़क रामचंद्र यादव के घर से सत्तो यादव के घर तक 15वीं वित्त योजना के तहत करीब 7 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही थी।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि काम में मानकों की अनदेखी की जा रही है। ललटू कुमार यादव, आशीष कुमार यादव, सिकंदर यादव, बीरेंद्र यादव, उमेश यादव और गुरुदेव कुमार समेत कई लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती संदिग्ध हो गई है। उनका आरोप है कि उजला बालू, निम्न स्तर का सीमेंट और गिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है तथा सामग्री रात के समय तैयार कर जल्दबाजी में ढलाई की जा रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यस्थल पर योजना से संबंधित कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले पर पंचायत सचिव शिवचंद्र राम ने बताया कि फिलहाल निर्माण कार्य बंद कर दिया गया है और गुणवत्ता की जांच के लिए जेई को निर्देश दिया गया है। वहीं, बीपीआरओ मनीष कुमार ने कहा कि शिकायत मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Comments