थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त

आमजन में जगाई सुरक्षा की भावना, कानून के प्रति लोगों का बढा विश्वास 

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

शुकुल बाजार, अमेठी। जनपद अमेठी के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ कस्बे एवं आसपास के प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक पैदल गश्त किया। इस दौरान पुलिस टीम ने बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थानों, बैंक, सर्राफा बाजार, तथा प्रमुख चौराहों का निरीक्षण करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी।पैदल गश्त के दौरान थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने व्यापारियों, दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए।
 
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा वाहनों की सघन जांच भी की गई। बिना हेलमेट चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों, संदिग्ध व्यक्तियों तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ कर उन्हें यातायात नियमों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
 
थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराध एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए थाना क्षेत्र में लगातार पैदल गश्त, वाहन चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
 
पुलिस की इस सक्रिय कार्यशैली से क्षेत्रीय नागरिकों एवं व्यापारियों में सकारात्मक संदेश गया। स्थानीय लोगों ने थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा एवं पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि नियमित पैदल गश्त से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है तथा अपराधियों में पुलिस का भय बना रहता है।क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और सतर्कता को देखते हुए लोगों ने उम्मीद जताई कि इसी प्रकार निरंतर अभियान चलाए जाने से शुकुल बाजार क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

About The Author

Post Comments

Comments