फार्मर रजिस्ट्री सुधार हेतु चार दिवसीय अभियान तेज, एक दिन में 1347 पंजीकरण, किसानों से सक्रिय सहभागिता की अपील- जिलाधिकारी चर्चित गोंड
जनपद के समस्त कृषक बंधुओं से अपील की है कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं-जिलाधिकारी
राजेश तिवारी ( ब्यूरो)
सोनभद्र/ उत्तर प्रदेश-
जिलाधिकारी चर्चित गोंड के निर्देशन में जनपद में फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित अंश निर्धारण एवं नाम मिसमैच की समस्याओं के समाधान हेतु चार दिवसीय विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत आज जनपद में कुल 1347 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण कराया गया, जिससे बड़ी संख्या में कृषकों को अपनी अभिलेखीय त्रुटियों के सुधार का लाभ मिला।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों की भूमि एवं पहचान से संबंधित त्रुटियों का शीघ्र एवं पारदर्शी निराकरण करना है, ताकि उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें तथा प्रत्येक पात्र किसान तक इस सुविधा का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त कृषक बंधुओं से अपील की है कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि किसान अपने नजदीकी सहज जन सेवा केंद्र, पंचायत सहायक, कृषि विभाग के कर्मचारियों अथवा संबंधित लेखपाल से संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण, अंश निर्धारण एवं नाम मिसमैच से जुड़ी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान सीमित अवधि के लिए है, अतः सभी किसान समय रहते अपने अभिलेखों का सत्यापन एवं आवश्यक सुधार अवश्य करा लें। प्रशासन द्वारा अभियान को सफल बनाने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


Comments