वेतन भुगतान नहीं होने पर शिक्षकों का काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन

वे न तो अपने परिवार का भरण-पोषण कर पा रहे हैं और न ही बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से करवा पा रहे हैं

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

हज़ारीबाग, झारखंड:- झारखंड में वेतन भुगतान में हो रही देरी के विरोध में झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ सहित विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों ने काला बिल्ला लगाकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए शीघ्र वेतन भुगतान की मांग उठाई। झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मो. जहांगीर अंसारी ने कहा कि सहायक आचार्यों की नियुक्ति हुए लगभग 9 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की स्थिति मरणासन्न हो चुकी है। वे न तो अपने परिवार का भरण-पोषण कर पा रहे हैं और न ही बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से करवा पा रहे हैं।
 
उन्होंने आगे कहा कि अप्रैल माह समाप्ति की ओर है, ऐसे में शिक्षकों के सामने बच्चों के नए सत्र के लिए ड्रेस, किताब, कॉपी और नामांकन जैसी समस्याएं खड़ी हो गई हैं। हालत यह है कि राशन दुकानदार भी अब उधार देने से कतरा रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और दयनीय हो गई है। अंसारी ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाल ही में विभिन्न ट्रेजरी से घोटाले की घटनाएं सामने आने के बाद सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का वेतन स्थगित कर दिया गया है। यह ईमानदारी से काम कर रहे कर्मचारियों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की गलती का खामियाजा पूरे राज्य के लगभग दो लाख शिक्षक और कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है।
 
उन्होंने यह भी बताया कि कई शिक्षक विभिन्न ईएमआई के दबाव में हैं। कई लोगों ने गृह निर्माण, शिक्षा और वाहन ऋण लिया है, और अब बैंक व फाइनेंसर उनसे वसूली के लिए दबाव बना रहे हैं।संघ ने सरकार से मांग की है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिक्षकों और कर्मचारियों का बकाया वेतन शीघ्र भुगतान किया जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष मो. जहांगीर अंसारी के अलावा महासचिव दिलीप कुमार सिन्हा, डी. रोहित, कुंज बिहारी, स्वदेश कुमार ओझा, प्रभात कुमार ओझा, ललन कुमार ओझा, पंकज कुमार ओझा, इशरत जहां, मुसर्रत जहां, तबस्सुम हाशमी, साजरा फिरदौस, मो. मोजाहिर, एहतेशाम अरशद, मो. नसीम, मो. एहसान मंजर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक शामिल हुए। सभी ने काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

About The Author

Post Comments

Comments