झारखंड बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 का परिणाम जारी, 95.27 प्रतिशत विद्यार्थी सफल
राज्य के चार छात्रों ने 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से हासिल किया पहला स्थान
रांची, झारखंड:- झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने मैट्रिक परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। इस वर्ष परीक्षा में कुल 4,22,109 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे, जिनमें से 4,02,178 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए हैं। इस प्रकार इस बार कुल पास प्रतिशत 95.27 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर माना जा रहा है। परिणाम घोषित होते ही राज्यभर के छात्रों, अभिभावकों और स्कूलों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
■ प्रथम श्रेणी में सर्वाधिक विद्यार्थियों ने पाई सफलता:
झारखंड बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष प्रथम श्रेणी में सर्वाधिक विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। कुल 2,26,957 विद्यार्थियों ने फर्स्ट डिवीजन हासिल किया। वहीं 1,60,673 छात्र-छात्राएं द्वितीय श्रेणी में सफल हुए, जबकि 14,548 परीक्षार्थियों ने तृतीय श्रेणी प्राप्त की। इस बार का परीक्षा परिणाम छात्रों के बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है। 95.27 प्रतिशत का कुल पास प्रतिशत यह संकेत देता है कि राज्य में शिक्षा के स्तर में लगातार सुधार हो रहा है।
■ बिना पूर्व सूचना के जारी हुआ परिणाम:
मैट्रिक परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों के बीच कोई पूर्व सूचना नहीं थी। ऐसे में जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, सोशल मीडिया, स्कूल परिसरों और साइबर कैफे में हलचल तेज हो गई। छात्र-छात्राएं अपने रिजल्ट जानने के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर जुट गए।
■ राज्य में चार छात्रों ने साझा किया पहला स्थान :
इस बार मेरिट लिस्ट में कांटे की टक्कर देखने को मिली। राज्य के चार छात्रों ने 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। स्टेट टॉपर्स की सूची में सेंट अलोयसियस हाई स्कूल, रांची के सन्नी कुमार वर्मा, इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल, हजारीबाग की प्रियांशु कुमारी, एसएस हाई स्कूल, सिमडेगा की शिवांगी कुमारी तथा प्रेमचंद हाई स्कूल, मेसरा के प्रेम कुमार साहू शामिल हैं। इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है।
■ दूसरे और तीसरे स्थान पर भी कई छात्रों का कब्जा:
99.20 प्रतिशत अंकों के साथ चार छात्रों ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इनमें सेंट पैट्रिक हाई स्कूल, गुमला के दिव्यांशु और खिलेश, तथा हजारीबाग के इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल की दो छात्राएं शामिल हैं। वहीं 98.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चार विद्यार्थियों ने तीसरा स्थान हासिल किया। इनमें सेंट जॉन हाई स्कूल नवाटांड़ के महताब अंसारी, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ओरमांझी के प्रीत राज, तथा इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल हजारीबाग की अमीषा कुमारी और दीप्ति रानी शामिल हैं।
■ हजारीबाग का स्कूल बना चर्चा का केंद्र:
इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल, हजारीबाग की छात्राओं के शानदार प्रदर्शन ने पूरे राज्य का ध्यान अपनी ओर खींचा है। एक ही विद्यालय की कई छात्राओं के मेरिट सूची में शामिल होने से यह स्कूल चर्चा का केंद्र बना हुआ है। राज्य सरकार, शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रबंधन ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
student success story india board exam result India Jharkhand Board 10th result 2026 झारखंड बोर्ड मैट्रिक रिजल्ट 2026 Jharkhand Academic Council result JAC 10th result 2026 Jharkhand matric exam result 95.27 percent pass result class 10 result Jharkhand topper list Jharkhand board Ranchi news education exam result update 2026 education news Jharkhand school toppers list India Indira Gandhi Balika High School Hazaribagh St Aloysius High School Ranchi


Comments