श्रीभूमि जिले के सिंगलाछड़ा बाजार की सड़क बनी जलभराव का केंद्र, लोगों में आक्रोश

ड्रेनेज व्यवस्था के अभाव में सड़क पर जमा गंदा पानी, जनजीवन प्रभावित

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

श्रीभूमि : श्रीभूमि जिले के आनिपुर टी गार्डन से मागुराछड़ा टी एस्टेट तक जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क (कालाछड़ा व सिंगलाछड़ा बाजार मार्ग) की दयनीय स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। जिले के रामकृष्ण नगर विधानसभा क्षेत्र के सिंगलाछड़ा बाजार में यह सड़क अब सड़क न रहकर गंदे पानी के तालाब में तब्दील हो गई है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि उचित नाला (ड्रेनेज) व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर हर दिन पानी जमा रहता है।
 
स्थिति यह है कि बाजार के पास स्थित मंदिर परिसर तक जलभराव की चपेट में है, जिससे धार्मिक गतिविधियों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। इस समस्या का सबसे अधिक असर आम लोगों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। स्कूली बच्चों को पानी से भरी सड़क पार कर विद्यालय जाना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। वहीं, बाजार के दुकानदारों को भी रोजाना आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। साथ ही दुर्गंध से स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है।
 
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया है कि केवल सड़क निर्माण को ही विकास मान लेना क्या उचित है, जब जल निकासी की कोई व्यवस्था ही नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि जल्द से जल्द पक्का नाला निर्माण कार्य शुरू किया जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई गई है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे इस मुद्दे को उच्च अधिकारियों, सूचना के अधिकार (RTI) के माध्यम से उठाने को बाध्य होंगे।

About The Author

Post Comments

Comments