कुशीनगर: चौबीसवाँ सामूहिक विवाह समारोह: 26 अप्रैल को तुर्कपट्टी में होगा भव्य आयोजन
उपेंद्र कुशवाहा
पडरौना, कुशीनगर। के.डी. शाही जन-जागृति संस्थान, तुर्कपट्टी महुअवा के तत्वावधान में निर्धन कन्याओं के लिए आयोजित होने वाला चौबीसवाँ सामूहिक विवाह समारोह आगामी 26 अप्रैल (रविवार) को सायं 5 बजे ऐतिहासिक सूर्य मंदिर, तुर्कपट्टी में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन बिना किसी सरकारी सहयोग या अनुदान के, केवल जनसहयोग से लगातार 2003 से किया जा रहा है।
संस्थान के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता (प्रबंध निदेशक, हीरो कुशीनगर), कार्यक्रम संयोजक शैलेन्द्र दत्त शुक्ला व डॉ. सी.बी. सिंह, तथा प्रबंधक सुधीर कुमार शाही ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि अब तक इस पहल के तहत 650 से अधिक युगलों का विवाह संपन्न कराया जा चुका है।
इस वर्ष समारोह में 21 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत बारातियों व घरातियों के स्वागत से होगी, जिसके बाद वैदिक विधि-विधान से सामूहिक विवाह सम्पन्न होगा। इसके उपरांत जनपद के विशिष्टजन नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे और सहभोज का आयोजन किया जाएगा।
रात 9 बजे से आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगीत, लोकनृत्य एवं संगीत के माध्यम से विलुप्त हो रही लोक परंपराओं को जीवंत किया जाएगा। साथ ही श्रीराम विवाह तथा प्रसिद्ध निर्देशक मानवेन्द्र त्रिपाठी एवं उनकी टीम द्वारा “रश्मिरथी” का भव्य मंचन भी प्रस्तुत किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
समारोह के अंत में नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी के आवश्यक सामानों के साथ सम्मानपूर्वक विदाई दी जाएगी। आयोजकों ने सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, व्यवसायियों व चिकित्सकों से अपील की है कि वे इस पुण्य कार्य में सहभागिता कर नवयुगलों को अपना आशीर्वाद प्रदान करें।


Comments