कुशीनगर: रास्ते की जमीन पर फिर कब्जा, विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी
पडरौना, कुशीनगर। कोतवाली पडरौना थाना क्षेत्र के हिरनहा गांव में रास्ते की भूमि पर दोबारा अतिक्रमण का मामला सामने आया है। गांव निवासी फूलकली देवी ने थाना प्रभारी को लिखित तहरीर देकर पड़ोसियों पर जबरन कब्जा करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, उनके जमीन से सटे रास्ता संख्या 176 (आराजी संख्या 212, रकबा 0.069 हेक्टेयर) पर पहले भी पड़ोसियों द्वारा अतिक्रमण किया गया था। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में प्रशासन से शिकायत की थी, जिस पर लेखपाल और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवा दिया था।
फूलकली देवी का आरोप है कि कुछ ही दिनों बाद पड़ोसी मन्नु, उमेश, रामनरेश और जयकिशुन ने दोबारा रास्ते की जमीन पर लकड़ी, खरपतवार, गोबर, नाद और खूंटा लगाकर कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर आरोपित गाली-गलौज करते हैं और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं, साथ ही जान से मारने की धमकी भी देते हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपितों के डर से उनका परिवार सहमा हुआ है और गांव के कुछ लोग भी उनका साथ दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
पीड़िता ने कोतवाली पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि यह मामला राजस्व विभाग से संबंधित है, जिसका निस्तारण तहसील स्तर पर ही संभव है। उन्होंने पीड़िता को उप जिलाधिकारी से मिलकर अपनी समस्या रखने की सलाह दी है।


Comments