राजनीति
रसोई गैस सिलेंडर को सुबह से एजेंसियों मे लंबी कतार
तीसरे दिन भी लौटे खाली हाथ
लालगंज (रायबरेली)। कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में रसोई गैस को लेकर लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। समय पर गैस सिलेंडर न मिलने से उपभोक्ता काफी परेशान हैं।नगर के बाईपास रोड स्थित गैस एजेंसी पर सुबह 7 बजे से ही लंबी कतार लग जाती है। उपभोक्ताओं को पर्ची कटाने के लिए घंटों धूप में खड़ा रहना पड़ रहा है, जिससे सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं को हो रही है।
बाल्हेमऊ गांव से आई सबिता ने बताया कि उनका नवरात्र का व्रत चल रहा है और घर में गैस खत्म हो चुकी है। घर में कोई पुरुष सदस्य मदद के लिए नहीं है। वह लगातार तीन दिन से एजेंसी आ रही हैं, लेकिन हर बार खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
लाइन में लगे जयशंकर त्रिवेदी ने बताया कि सरकार की ओर से सुविधाएं तो दी जा रही हैं, लेकिन एजेंसी संचालकों की मनमानी के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गैस न मिलने के कारण उन्हें मजबूरी में छत पर ईंट का चूल्हा बनाकर खाना बनाना पड़ रहा है। वहीं बंदरों के आतंक से स्थिति और भी मुश्किल हो गई है। गर्मी में चूल्हे पर खाना बनाना जोखिम भरा साबित हो रहा है और हादसे की आशंका बनी रहती है।


Comments