बलिया में सिपाहियों पर हमला: डायल-112 टीम के 2 जवानों को युवकों ने पीटा, दोनों आरोपी गिरफ्तार

आरोपियों ने एक सिपाही को जमीन पर गिराकर पीटा और ईंट से हमला करने की भी कोशिश की

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलिया के नरही थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है, जहां डायल-112 की टीम पर ही हमला कर दिया गया। दो युवकों ने मौके पर पहुंचे सिपाहियों को धक्का देकर गिराया और लात-घूंसे से जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक सिपाही को जमीन पर गिराकर मारते हुए देखा जा सकता है।जानकारी के अनुसार, सिकन्दरपुर गांव निवासी राघवेन्द्र रस्तोगी ने शुक्रवार सुबह करीब 6:54 बजे पुलिस को सूचना दी थी कि दो युवक उनके पिता श्यामसुन्दर रस्तोगी के साथ मारपीट कर रहे हैं।
 
बलिया में सिपाहियों पर हमला: डायल-112 टीम के 2 जवानों को युवकों ने पीटा, दोनों आरोपी गिरफ्तार
 
सूचना मिलते ही पीआरवी टीम के कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार, सुनील कुमार और चालक हेड कांस्टेबल रामभजन यादव मौके पर पहुंचे।पुलिसकर्मी जब दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी आरोपी अरुण राय और अमित राय उर्फ गांगुली ने अभद्रता शुरू कर दी और विरोध करने पर सिपाहियों पर ही हमला बोल दिया। आरोपियों ने एक सिपाही को जमीन पर गिराकर पीटा और ईंट से हमला करने की भी कोशिश की।
 
घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर सिपाहियों को बचाया। बाद में घायल सिपाही थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें