अमेठी में श्रीअन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के लिए भव्य रोड शो आयोजित

कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी ने रोड शो को दिखाई हरी झंडी

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

अमेठी। जनपद में संचालित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को श्रीअन्न (मिलेट्स) की खेती को बढ़ावा देने और इसके पोषण संबंधी लाभों के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु जनपद स्तरीय रोड शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया। यह रोड शो लगभग 100 दोपहिया वाहनों और दो प्रचार वाहनों के माध्यम से कलेक्ट्रेट गौरीगंज से कृषि भवन ताला तक निकाला गया।
 
इस अवसर पर कृषि विभाग के उप कृषि निदेशक सतेन्द्र कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी संदीप कुमार, जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उप कृषि निदेशक ने बताया कि इस रोड शो का मुख्य उद्देश्य किसानों और आमजन को मिलेट्स (ज्वार, बाजरा, रागी, कंगनी, कोदो, सांवा, चेना, कुटकी, रामदाना एवं कुट्ट) के महत्व के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि मिलेट्स को “सुपर फूड” कहा जाता है, क्योंकि इनमें प्रचुर मात्रा में पोषक तत्व पाए जाते हैं।
 
उन्होंने बताया कि श्रीअन्न ग्लूटेन-फ्री होने के साथ-साथ विटामिन, एंजाइम और इनसॉल्युबल फाइबर से भरपूर होता है। इसके अलावा इसमें बीटा-कैरोटीन, नियासिन, विटामिन बी-6, फोलिक एसिड, पोटैशियम, मैग्नीशियम और जस्ता जैसे खनिज भी पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से श्रीअन्न अत्यंत लाभकारी है। इसके सेवन से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, शरीर में ऑक्सीजन आपूर्ति बढ़ती है और मेटाबॉलिज्म संतुलित रहता है।
 
उच्च फाइबर होने के कारण यह पाचन में सहायक है और डायबिटीज मरीजों में ग्लूकोज स्तर को नियंत्रित रखने में मदद करता है। साथ ही यह ब्लड प्रेशर नियंत्रण, हृदय रोगों से बचाव और शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में भी सहायक है। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को श्रीअन्न की खेती अपनाने और आमजन को इसे दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें