पुलिस कमिश्नर  से मिला इलेक्ट्रॉनिक मीडिया वेलफेयर क्लब

फर्जी पत्रकारों पर कार्रवाई की मांग

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रयागराज। शहर में पत्रकारों की सुरक्षा, कार्य में आने वाली बाधाओं और फर्जी पत्रकारों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इलाहाबाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया वेलफेयर क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं।
 
बैठक के दौरान पत्रकारों ने फील्ड में रिपोर्टिंग करते समय होने वाली दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि कई बार प्रशासनिक सहयोग के अभाव में कार्य प्रभावित होता है, वहीं दूसरी ओर “फर्जी पत्रकारों” की बढ़ती संख्या से वास्तविक पत्रकारों की साख को नुकसान पहुंच रहा है। क्लब के सदस्यों ने कहा कि ऐसे लोग पत्रकारिता के नाम पर गलत गतिविधियों में लिप्त रहते हैं, जिससे पूरे पेशे की विश्वसनीयता पर सवाल उठता है।
 
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन को एक प्रेस विज्ञप्ति भी सौंपते हुए मांग की कि फर्जी पत्रकारों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। क्लब का कहना था कि जब तक ऐसे तत्वों पर अंकुश नहीं लगाया जाएगा, तब तक निष्पक्ष और ईमानदारी से काम करने वाले पत्रकारों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
 
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को एक विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि वास्तविक पत्रकारों को सुरक्षित और निष्पक्ष माहौल मिल सके।
 
इस दौरान क्लब के अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी (भारत समाचार), सर्वेश दुबे (न्यूज़ 18), इमरान (इंडिया टीवी), विनय सिंह रघुवंशी (टाइम्स नाउ नवभारत), शोएब रिजवी (इंडिया वॉइस), सौरभ मिश्रा (एबीपी), गुफरान (ज़ी न्यूज़), सचिन प्रजापति (दैनिक भास्कर), विवेक श्रीवास्तव, आरिफ राजू और अंकित समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें