ड्रोन तकनीक से लैस हो रहे एनसीसी कैडेट्स

ब्रिगेडियर ने किया  शिविर का निरीक्षण

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रयागराज। एनसीसी ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज के तत्वावधान में 16 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा राम दुलारी बच्चू लाल जायसवाल पीजी कॉलेज, नवाबगंज में आयोजित 12 दिवसीय सीओसी ड्रोन प्रशिक्षण शिविर अपने उद्देश्यों की ओर तेजी से अग्रसर है। 12 मार्च से शुरू होकर 23 मार्च तक चलने वाले इस शिविर में प्रदेश के आठ एनसीसी ग्रुप मुख्यालयों के सीनियर डिवीजन (SD) और सीनियर विंग (SW) के कैडेट्स उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं।
 
शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स को आधुनिक ड्रोन तकनीक से प्रशिक्षित करना है, ताकि वे भविष्य की सैन्य एवं नागरिक चुनौतियों का तकनीकी रूप से सक्षम होकर सामना कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को ड्रोन डिजाइनिंग, असेम्बलिंग, संचालन और उड़ान की बारीकियों का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है। सीमित समय में ड्रोन असेंबल कर उसका सफल परीक्षण करने में कैडेट्स ने अपनी दक्षता और तत्परता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
 
प्रशिक्षण के तहत कैडेट्स को ड्रोन संचालन के सुरक्षा मानकों, निगरानी प्रणाली, आपदा प्रबंधन और रक्षा क्षेत्र में इसके उपयोग की विस्तृत जानकारी भी दी जा रही है। साथ ही, हथियार प्रशिक्षण के माध्यम से उनकी फायरिंग क्षमता को भी मजबूत किया जा रहा है, जिससे उनका अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ रहा है।
 
शिविर के आठवें दिन एनसीसी ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर उपेन्द्र सिंह कंदिल ने प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान कैडेट्स ने ड्रोन फ्लाइंग का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उन्होंने कैडेट्स की सराहना की। शिविर का संचालन कैंप कमांडेंट कर्नल निशांत बरियार और डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल योगेंद्र चिनवान के नेतृत्व में किया जा रहा है।
 
यह प्रशिक्षण शिविर न केवल कैडेट्स को तकनीकी रूप से सशक्त बना रहा है, बल्कि उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण की भावना को भी मजबूत कर रहा है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें