यूपी रोडवेज बस में 64 यात्री,में 62 बिना टिकट
बड़े अफसरों पर भी गिर सकती है गाज
ब्यूरो प्रयागराज- उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने अलीगढ़ रीजन के बुद्ध विहार डिपो की बस में 64 में से 62 यात्रियों के बेटिकट यात्रा करते हुए पकड़े जाने पर सख्त एक्शन लेने की बात कही है.उनका कहना है कि इस पूरे मामले में रिपोर्ट तलब की गई है. ड्राइवर कंडक्टर को बर्खास्त कर दिया गया है. टीआई को सस्पेंड किया गया है. पूरी बस ही बेटिकट चल रही थी ऐसे में सिर्फ सिर्फ ड्राइवर कंडक्टर और टीआई ही नहीं क्षेत्र के बड़े अधिकारी भी जिम्मेदार हैं. रिपोर्ट प्राप्त होने पर आरएम और एआरएम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ताजा मामला अलीगढ़ परिक्षेत्र के बुद्ध विहार डिपो से जुड़ा है. यहां की बस संख्या यूपी 78 एलएन 2671 अलीगढ़ से फरीदाबाद जा रही थी. बस पर संविदा चालक मिथुन और परिचालक जगदीश गौतम तैनात थे. बस में कुल 64 यात्री सवार थे. रोडवेज मुख्यालय से प्रधान प्रबंधक गौरव वर्मा ने टीम के साथ बस की औचक चेकिंग की. टप्पल और पलवल के बीच बस को रोका गया. चेकिंग दस्ते के साथ ही जीएम गौरव वर्मा भी यह देखकर हैरान रह गए कि बस में कुल 64 यात्री सवार थे जिसमें से 62 के पास टिकट ही नहीं था.
इसी दौरान परिचालक जगदीश गौतम चेकिंग टीम को टिकट मशीन थमाकर वहां से भाग गया. पूरी बस ही बेटिकट संचालित करने पर चालक और परिचालक की सेवा समाप्त कर दी गई. संबंधित टीआई को भी सस्पेंड कर दिया गया. चेकिंग स्क्वायड से स्पष्टीकरण तलब किया गया है.
परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक संचालन अनिल कुमार का कहना है कि बस में लगभग सभी यात्री बेटिकट यात्रा कर रहे थे. ऐसे में इस दायरे में सिर्फ चालक परिचालक और टीआई ही जिम्मेदार नहीं हैं, बल्कि क्षेत्रीय प्रबंधक और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भी पूरी तरह से जिम्मेदार हैं. उनका कहना है कि जब मैं क्षेत्र में तैनात था तब सिर्फ 12 बेटिकट बस पकड़े पाए जाने पर ही मुझे सस्पेंड किया गया था. ऐसे में इस मामले में भी क्षेत्रीय अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी.

Comments