दैवीय आपदा मामलों में पोस्टमार्टम अनिवार्य
अनुपस्थित अधिकारी पर कार्रवाई के निर्देश
भदोही। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति की बैठक में आपदा से जुड़े मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। समिति के सभापति डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद के अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन तैयारियों और राहत कार्यों की समीक्षा की गई।बैठक में डॉ. निर्मल ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दैवीय आपदाओं, विशेषकर सर्पदंश से होने वाली मौतों के मामलों में पोस्टमार्टम अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को सहायता राशि मिलने में कोई बाधा न हो।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत भदोही के बैठक में अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी को स्पष्टीकरण मांगने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।समिति ने आपदा से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। प्राथमिक विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को आपदा मित्रों के माध्यम से प्रशिक्षण देने, बाढ़ व आपदा प्रभावित क्षेत्रों में किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत करने तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों का ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही डेंगू, मलेरिया व फाइलेरिया जैसे रोगों की पांच वर्षों की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने, संचारी रोग अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने और मजदूरों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments