राजकीय धान क्रय केन्द्रों की समयावधि बढ़ाए जाने को लेकर मोना ने कृषि मंत्री को लिखा पत्र
समय से पहले केंद्र बंद होने पर किसानों को हो रही परेशानी, एमएसपी पर खरीद नहीं होने का आरोप
लालगंज, प्रतापगढ़। क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही को पत्र लिखकर राजकीय धान क्रय केन्द्रों के संचालन की समयावधि बढ़ाये जाने की मांग उठाई है। शुक्रवार को कृषि मंत्री को लिखे पत्र में विधायक मोना ने कहा है कि प्रदेश में राजकीय धान क्रय की प्रक्रिया के तहत धान क्रय केंद्रों पर पिछले पहली नवंबर से 28 फरवरी तक संचालित कराए जाने का आदेश पारित हुआ था। उन्होने विभागीय मंत्री का इस गंभीर मुद्दे पर ध्यानाकर्षण कराते हुए कहा है कि इस समयावधि के पूर्व ही धान क्रय केंद्रों का संचालन बंद कर दिया गया।
उन्होने कहा कि इससे उनके निर्वाचन क्षेत्र रामपुरखास व गृह जनपद प्रतापगढ़ सहित प्रदेश के कई जिलों में अनेक किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर क्रय नहीं हो सका है। उन्होने कहा कि केन्द्रों के अचानक बीच में ही बंद हो जाने से अनेक किसानों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होने कृषि मंत्री से कहा है कि इस मुद्दे पर वह विधानसभा सत्र में सदन के जरिए भी सरकार का ध्यानाकर्षण करा चुकी हैं।
विधायक आराधना मिश्रा मोना ने सरकार से कहा है कि किसानों को आर्थिक नुकसान न हो इसके लिए राजकीय धान क्रय केंद्रों के संचालन की समयावधि में संशोधन करते हुए पुनः इसे यथोचित समय तक बढ़ाया जाना चाहिए। सीएलपी नेता आराधना मिश्रा मोना ने इस प्रकरण की सरकार से गंभीरतापूर्वक जांच कराते हुए प्रकरण सही पाए जाने पर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरूद्ध समुचित कठोर कराए जाने की भी मांग उठाई है।विधायक मोना के द्वारा कृषि मंत्री को लिखे गये पत्र की जानकारी शुक्रवार को यहां मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने जरिए विज्ञप्ति दी है।

Comments