नगरपालिका चुनाव 2026 : विभिन्न कोषांगों के कर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

निष्पक्ष व सुव्यवस्थित मतदान पर जोर

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

लातेहार, झारखंड:- नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मतदान कार्य से जुड़े विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आज सामान्य प्रेक्षक योगेन्द्र प्रसाद की उपस्थिति में डी.आर.डी.बी सभागार में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
 
प्रशिक्षण सत्र में निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। प्रभारी पदाधिकारी, प्रशिक्षण कोषांग अनिल मिंज द्वारा मतदान कर्मियों का पार्टी मिलान, मतदान सामग्री, मतपत्र एवं मतपेटिका वितरण, कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करना, अंतिम नियुक्ति पत्र का वितरण तथा डिस्पैच कार्य की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
 
इस दौरान कार्मिक कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, सामग्री कोषांग, हेल्प डेस्क एवं मेडिकल टीम के कर्मियों को उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली और आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया, ताकि मतदान कार्य पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।
 
मतदान उपरांत की प्रक्रिया पर भी विशेष जोर दिया गया। राजकीय पॉलिटेक्निक लातेहार में स्थापित रिसीविंग सेंटर पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को मतपेटियों तथा निर्वाचन अभिलेखों की सुरक्षित प्राप्ति, जांच, अभिलेखीकरण एवं वज्रगृह में सुरक्षित भंडारण की विस्तृत जानकारी दी गई।
 
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कर्मी आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप प्रत्येक कार्य सावधानीपूर्वक संपादित करें। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार