Kal Ka Mausam: हरियाणा समेत देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान
Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर में तापमान बढ़ने से ठिठुरन से राहत मिल रही है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई है।
IMD के अनुसार, 13 फरवरी और फिर 16–17 फरवरी को लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जो उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करेंगे। इनके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत करीब 6 राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
पहाड़ी इलाकों में बनी रहेगी ठंड
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभों के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर फिलहाल बना रहेगा। वहीं पूर्वी भारत के राज्यों—बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा—में आने वाले दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड पूरी तरह खत्म होने में अभी समय लगेगा।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 10 से 13 फरवरी के बीच मौसम ज्यादातर साफ रहने की संभावना है। हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
IMD के अनुसार पश्चिमी विक्षोभों का असर उत्तर प्रदेश में ज्यादा देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय हल्का कोहरा रह सकता है। न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
बिहार-झारखंड में ठंड का असर जारी
बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान अभी सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने यहां बारिश या तूफान को लेकर कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा। सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 13 और 16 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। पहाड़ी क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पंजाब-हरियाणा के लिए अलर्ट
IMD ने चेतावनी दी है कि 16 फरवरी को पंजाब और हरियाणा में कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली के साथ बारिश हो सकती है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
About The Author
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l


Comments