राजनीति
सहजनवां में चोरों का आतंक: खाली मकान को बनाया निशाना, चोरों ने उड़ा दिए करीब 16 लाख के गहने—इलाके में दहशत
घटना की सूचना तत्काल सहजनवां थाने को दी गई, जिसके बाद पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
रिपोर्ट- जनेश्वर मिश्र
सहजनवां : गोरखपुर
जनपद के सहजनवां थाना क्षेत्र के पिपरा वार्ड संख्या-9 में चोरी की एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक खाली पड़े मकान को निशाना बनाते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव बढ़ गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के नारंगपट्टी निवासी बृजनंदन तिवारी पुत्र स्व. हरिराम तिवारी नगर पंचायत सहजनवां के पिपरा वार्ड में अपना मकान बनाकर रहते हैं। हाल ही में उनके पिता का निधन हो गया था, जिसके चलते वे परिवार सहित गांव चले गए थे। इसी दौरान मकान लंबे समय से बंद पड़ा हुआ था।
8 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए मकान का शीशा और जगला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती गहनों को समेटकर फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार चोरों ने करीब 200 ग्राम सोने के गहने चोरी किए हैं, जिनमें कंगन, हार, मंगलसूत्र, कड़ा, चेन, झुमका, टीका, झाला और आयरन सेट शामिल हैं। चोरी गए गहनों की अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है। चोरी की जानकारी तब हुई जब परिजन मकान पर लौटे और अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना तत्काल सहजनवां थाने को दी गई, जिसके बाद पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन लगातार हो रही वारदातों से अब लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल, इस बड़ी चोरी की वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कितनी तेजी से चोरों तक पहुंच पाती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाती

Comments