राजनीति
विराम नहीं… सफलता की ओर एक नई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय में विद्यार्थियों के आगमन एवं हवन-पूजन के साथ हुआ
घाटमपुर कानपुर नगर।डीएवी एनयूपीपीएल पब्लिक स्कूल के प्रांगण में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य,सुव्यवस्थित एवं भावनात्मक फेयरवेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अवसर स्मृतियों, संस्कारों और सुनहरे भविष्य की कामनाओं से परिपूर्ण था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय में विद्यार्थियों के आगमन एवं हवन-पूजन के साथ हुआ। हवन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, सफलता और उत्तम चरित्र की कामना की गई।
इसके पश्चात सभी विद्यार्थी एस्कॉर्ट शिक्षकों के साथ कम्युनिटी हॉल पहुँचे।कम्युनिटी हॉल में कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा स्नेहपूर्वक स्वागत किया गया। तिलक एवं वेलकम कार्ड के माध्यम से जूनियर्स ने सीनियर्स के प्रति सम्मान और अपनत्व व्यक्त किया। इसके बाद कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में पीपीटी प्रस्तुति (क्लास11स्मृतियाँ),विषयवार इंटरैक्टिव सेगमेंट,मनमोहक नृत्य एवं गीत प्रस्तुतियाँ,गेम्स सेगमेंट, मिस्टर एंड मिस चयन तथा बैज वितरण समारोह शामिल थे।कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय, शिक्षकों और मित्रों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। शिक्षकों ने सामूहिक गीत गाकर विद्यार्थियों का खूब मनोरंजन किया ।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि
“डीएवी एनयूपीपीएल ने आपको केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों, अनुशासन और आत्मविश्वास से भी सुसज्जित किया है। आप जहाँ भी जाएँ, विद्यालय की गरिमा और संस्कारों को सदैव बनाए रखें।”अंत में उपहार वितरण, धन्यवाद ज्ञापन, फोटो सत्र एवं लंच पैकेट वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।यह विदाई समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन की एक अविस्मरणीय स्मृति बन गया—जहाँ आँखे नम थीं, पर सपने चमक रहे थे।

Comments