सुल्तानपुर में शंकराचार्य के अपमान पर पोस्टर वार

कलेक्ट्रेट के बगल कांग्रेस नेता ने लगाई होर्डिंग, लिखा-शंकराचार्य का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

सुल्तानपुर - कलेक्ट्रेट के ठीक बगल एक होर्डिंग ने जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है। युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सुब्रत सिंह सनी द्वारा लगाए गए इस होर्डिंग पर लिखा है, "शंकराचार्य का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान"।
 
सुब्रत सिंह ने मीडिया को दिए बयान में आरोप लगाया कि प्रयागराज मेले में जगतगुरु शंकराचार्य और उनके शिष्यों के साथ सरकार तथा प्रशासन ने अभद्रता की। उन्होंने बताया कि शिष्यों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, यहां तक कि उनकी चोटी पकड़कर घसीटा गया। पुलिस प्रशासन पर लाठियां बरसाने का भी आरोप है, जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
 
सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा खुद को हिंदुओं की सरकार बताती है। उन्होंने सवाल किया, "इस देश में शंकराचार्य से बड़ा हिंदू कौन है? जब भगवान शिव का अवतार कहे जाने वाले शंकराचार्य के साथ ऐसा हो रहा है, तो भाजपा सरकार में हिंदू कहां सुरक्षित हैं?"
 
उन्होंने आगे कहा कि शंकराचार्य के शिष्यों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है, उनके साथ अभद्रता हो रही है और उन्हें स्नान करने से रोका जा रहा है। कांग्रेस नेता ने भाजपा के 'सबके साथ' और 'सनातन की सरकार' के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब इस मामले पर भाजपा नेताओं से पूछा जाता है, तो वे कोई जवाब नहीं देते और कन्नी काट लेते हैं।

About The Author