दुग्धेश्वर नाथ महादेव को खिचड़ी चढ़ाने उमड़े श्रद्धालु
रूद्रपुर, देवरिया। मकर संक्रांति पर्व पर खिचड़ी चढ़ाने के लिए दूसरी काशी के रूप में विख्यात दूधेश्वर नाथ मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही खिचड़ी चढ़ाने वालों का तांता लग गया। अच्छी धूप होने के कारण लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। अपने घरों से निकल कर हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा दूधेश्वर नाथ को जल चढ़ाया और उन्हें खिचड़ी भी चढ़ाई।
खिचड़ी चढ़ाने के साथ ही उन्होंने स्वजनों के मंगल की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल रहा। हालांकि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसिया व्यवस्था ना काफी रही। समूचा मंदिर परिसर दो पहिया गाड़ियों से खचाखच भर गया था। कुछ समाजसेवियों ने मंदिर परिसर में खिचड़ी सहभोज का भी आयोजन किया। जहां लोगों ने खिचड़ी का स्वाद लिया। वहीं लोगों ने तिल से बने लड्डू और लाई से बने धोंधे का भी भरपूर आनंद उठाया।

Comments