बिना हेलमेट-लाइसेंस के वाहन चलाना पड़ा महंगा, एक दिन में काटा गया 74 हजार रुपये का चालान
त्रिवेणीगंज में पुलिस की सख्ती से मचा हड़कंप 68 वाहनों पर हुई कार्रवाई
त्रिवेणीगंज (सुपौल)- ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब वाहन चालकों पर भारी पड़ने लगी है। सोमवार को त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 68 से अधिक दोपहिया चालकों पर कार्रवाई की। इनमें अधिकतर चालक बिना हेलमेट, वैध ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों के वाहन चला रहे थे।

थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। डीएसपी आवास के समीप विशेष रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया,जिसमें भारी संख्या में ऐसे चालक पकड़े गए जो नियमों की अनदेखी कर रहे थे।अभियान के दौरान पांच सौ से लेकर पांच हजार रुपये तक का चालान काटा गया, जिससे कुल वसूली राशि 74 हजार रुपये तक पहुंच गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि विशेषकर युवाओं में ट्रैफिक नियमों को लेकर लापरवाही तेजी से बढ़ रही है,जिसे नियंत्रित करने के लिए थाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में नियमित और सघन वाहन जांच अभियान जारी रहेगा।उन्होंने वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और हेलमेट,लाइसेंस जैसे जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की।


Comments