नायब तहसीलदार छानबे ज्योति सिंह की छापेमारी के पहले ही बालू माफिया भाग निकले
गैपुरा, मीरजापुर। एसडीएम सदर के निर्देश पर बीती रात नायब तहसीलदार छानबे ज्योति सिंह ने कछुआ सेंचुरी गोगांव ग्राम के घाटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बाइक ऊंट नौका व ट्रैक्टर ट्राली से गंगा की तराई में बालू का अवैध खनन व परिवहन करने वाले माफिया भाग निकले। खनन व परिवहन माफियाओं को अधिकारियो के आने की खबर पहले ही मिल चुकी थी। नायब तहसीलदार ज्योति सिंह ने बताया कि मौके पर कोई नहीं मिला। लेकिन शीघ्र ही खनन व परिवहन माफियाओं की धर पकड़ कर खनिज अधिनियम के तहत चालान किया जाएगा।
वहीं उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चंद बर्मा ने बताया कि कछुआ सेंचुरी में लगातार अवैध खनन व परिवहन की शिकायत मिल रही है। एक दर्जन माफियाओं को चिन्हित किया गया है। शीघ्र ही कार्यवाही की जाएगी। यह बात अलग है कि जिला मुख्यालय से अधिकारियों का वाहन पश्चिम की ओर मुड़ते ही खनन व परिवहन माफियाओं को भनक लग जाती है। आम चर्चा है कि अधिकारियों के साथ चलने वाले कर्मचारी माफियाओं से मिले हुए हैं।

Comments