सीसामऊ से भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी ने किया नामांकन
भाजपा ने एक बार फिर से सुरेश अवस्थी पर भरोसा किया है, 2017 में भी पार्टी ने सुरेश अवस्थी को उतारा था।
कानपुर। कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट के उपचुनाव में आज भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुरेश अवस्थी ने अपना नामांकन कर दिया। सुरेश अवस्थी के साथ नामांकन जुलूस में सैकड़ों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, सांसद विधायक, मेयर, एमएलसी, पूर्व विधायक आदि मौजूद थे।
सुरेश अवस्थी को कल पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया था। जब से ही कानपुर के भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में एक नई उर्जा भर गई है। सुरेश अवस्थी को भारतीय जनता पार्टी ने 2017 में भी प्रत्याशी बनाया था। लेकिन उस बार उन्हें सफलता नहीं मिली थी। इस बार भी सुरेश अवस्थी का नाम आगे चल रहा था। लेकिन दलित प्रत्याशी को लेकर पार्टी में कुछ असमंजस था और बीच में ऐसा प्रतीत हो रहा था कि पार्टी यहां से दलित वोट के लिहाज से दलित प्रत्याशी दे सकती है।
आज सुबह बड़े लाव-लश्कर के साथ भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी कानपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे और उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन जुलूस में सुरेश अवस्थी के साथ कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी, विधायक अभिजीत सांगा, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, मेयर प्रमिला पांडेय, विधायक सरोज कुरील आदि बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। अब यह निश्चित हो गया है कि सीसामऊ विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला सीधे समाजवादी पार्टी से ही होगा। क्योंकि बसपा ने ऐसा कोई उम्मीदवार नहीं दिया है जिसकी चर्चा विधानसभा क्षेत्र में हो रही हो।

Comments