रेल कोच फैक्ट्री कॉलोनी में दो मौतें: महिला और सेक्शन इंजीनियर ने लगाई फांसी, मचा हड़कंप
आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) के आवासीय परिसर में शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक सेक्शन इंजीनियर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
लालगंज (रायबरेली)। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) के आवासीय परिसर में शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक सेक्शन इंजीनियर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई इन घटनाओं से कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एक ही दिन में दो मौतों से कर्मचारियों में शोक और दहशत का माहौल है।
पहली घटना टाइप-2 आवास संख्या 2236 ए की है। यहां रहने वाले रेल कर्मचारी पारस की पत्नी मीरा देवी (37) ने बालकनी में गमछे के सहारे फांसी लगा ली। परिवार मूल रूप से बिहार के कैमूर जिले का रहने वाला है। पति के अनुसार मीरा लंबे समय से बीमार थीं और बीमारी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठा लिया।
दूसरी घटना वर्कर्स क्लब के पीछे जंगल क्षेत्र में सामने आई। यहां गूलर के पेड़ से रेल कोच फैक्ट्री के शैल शॉप में तैनात सेक्शन इंजीनियर सुदामा मीणा (40) का शव लटका मिला। वह मूल रूप से राजस्थान के निवासी थे।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर आवश्यक लिखापढ़ी के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी अमित सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Comments