अवर अभियंता मुख्य परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 6 केंद्रों पर होगी परीक्षा

नकल विहीन परीक्षा के लिए सख्ती, 2640 परीक्षार्थी होंगे शामिल

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही। आगामी 3 मई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की अवर अभियंता (सिविल) मुख्य परीक्षा को सकुशल व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
 
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 6 परीक्षा केंद्रों पर पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 2640 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों को जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने को कहा गया।
 
परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने भी पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई न बरती जाए। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच सुनिश्चित की जाएगी और आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
 
बैठक में पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पारदर्शिता व शुचिता के साथ संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार