सिद्धार्थनगर में स्कूल बस की चपेट आकर छात्र की मौत

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पर मासूम छात्र की मौत की जानकारी होने से पहुंचे लोग

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

सिद्धार्थनगर। जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के औरहवा गांव में मंगलवार सुबह एक स्कूल बस की चपेट में आने से 8 वर्षीय छात्र आदित्य कुमार की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने स्कूल मैनेजमेंट और बस चालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
 
आदित्य कुमार, अनिल शर्मा का पुत्र था और बरसाती इंटर कॉलेज पथरदेईया में कक्षा 2 का छात्र था। वह अपनी बहनों के साथ स्कूल बस का इंतजार कर रहा था। बस आने पर उसकी बहनें बस में चढ़ गई, लेकिन आदित्य के चढ़ने से पहले ही चालक ने बस आगे बढ़ा दी। इससे आदित्य संतुलन खोकर नीचे गिर गया और बस की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
 
ग्रामीणों और परिजनों ने  बच्चे को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर से परिवार में गहरा दुख छा गया इस घटना का एक और दुखद पहलू यह है कि आदित्य की बड़ी बहन प्रिया भी उसी बरसाती यादव इंटर कॉलेज की छात्रा है और दोनों भाई-बहन हर रोज एक साथ उसी स्कूल बस से विद्यालय जाया करते थे। आज बहन की आँखों के सामने ही उसके छोटे भाई की जान चली गई।
 
परिवार के लिए यह हादसा और भी गहरा आघात इसलिए है क्योंकि आदित्य अपने परिवार में तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। परिवार का एकमात्र चिराग इस दुर्घटना में असमय बुझ गया।और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिद्धार्थनगर भेज दिया।
 
मृतक छात्र के पिता अनिल शर्मा ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल बस में कोई  परिचालक मौजूद नहीं था। बच्चों को बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था के बस में बिठाया जाता है। अनिल शर्मा के अनुसार, इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की गई थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने उन पर ध्यान नहीं दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान गई। प्रभारी निरीक्षक  दुर्गा प्रसाद ने बताया कि बस और चालक अब्दुल रसीद, पुत्र मोहम्मद हनीफ, निवासी धनौली, थाना पचपेड़वा, जनपद बलरामपुर को हिरासत में ले लिया गया है।
 
स्कूल प्रबंधन को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक ने आश्वस्त किया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

About The Author

Post Comments

Comments