सोन नदी में नहाने गये ट्रक चालक की डूबने से मौत, क्षेत्र में मचा हड़कंप

चोपन थाना क्षेत्र के सोननदी की घटना, लापता व्यक्ति की तलाश जारी

राजेश तिवारी Picture
Published On

चोपन/सोनभद्र-

गुरुवार को चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत छठ घाट के समीप सोननदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहाने गये एक ट्रक चालक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जितेन्द्र कुमार (35 वर्ष) पुत्र रामेश्वर, निवासी चाचीबार, फतेहपुर सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक चालक था और माल ढुलाई का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार को उसका ट्रक मारकुंडी क्षेत्र में अचानक खराब हो गया था, जिसके चलते वह आवश्यक पार्ट्स खरीदने के लिए अपने दो साथियों के साथ चोपन के प्रीतनगर आया था।

सामान खरीदने के बाद दोपहर के समय वह अपने साथियों के साथ छठ घाट के पास सोननदी में नहाने चला गया। नहाने के दौरान अचानक उसका चप्पल नदी के बहाव में बहने लगा। चप्पल को पकड़ने के प्रयास में जितेन्द्र आगे बढ़ गया और अनजाने में गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। कुछ ही क्षणों में जितेन्द्र नदी में लापता हो गया। साथियों द्वारा शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग भी मौके पर जुट गए और घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। गोताखोरों द्वारा नदी में लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था। घटना के बाद मृतक के साथियों का रो-रोकर बुरा हाल है,वही थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई करते हुए परिजनों को सूचना दे दी गई है। जैसे ही शव बरामद होगा, आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

ईGOT कर्मयोगी भारत साधना सप्ताह में उत्तर मध्य रेलवे के मंडलों का उत्कृष्ट प्रदर्शन Read More ईGOT कर्मयोगी भारत साधना सप्ताह में उत्तर मध्य रेलवे के मंडलों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें