करछना के पचदेवरा के पास दर्दनाक रेल हादसा,पांच यात्रियों की मौत

---कालका मेल से उतरे यात्रियों को पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ने रौंदा, शादी में शामिल होने जा रहे थे सभी

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

नैनी, प्रयागराज। करछना थाना क्षेत्र के पचदेवरा गांव के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर उस समय हुआ जब कालका मेल से सफर कर रहे यात्री अचानक ट्रेन रुकने के बाद नीचे उतर गए और दूसरी पटरी से गुजर रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।मिली जानकारी के अनुसार, पचदेवरा के पास एक यात्री के ट्रेन से गिरने की घटना के बाद कालका मेल में चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी गई।
 
 ट्रेन रुकते ही कई यात्री बोगियों से नीचे उतर गए और कुछ लोग पटरी के किनारे चले गए। इसी दौरान दूसरी लाइन पर तेज रफ्तार से आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में मृतकों की पहचान फिरोजाबाद जिले के थाना खैरगढ़ क्षेत्र के पृथ्वीपुर निवासी आकाश (19) पुत्र गिरिराज, कोलकाता निवासी अजय पुत्र मुन्ना पासी तथा मिर्जापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र निवासी सुनील के रूप में हुई है।
 
जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।बताया जा रहा है कि सभी यात्री कालका मेल से कोलकाता जा रहे थे और एक शादी समारोह में शामिल होने वाले थे। हादसा शाम करीब 7:30 बजे हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं रेलवे प्रशासन भी हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें