स्कूल चलो अभियान का हुआ भव्य शुभारम्भ

शिक्षा के प्रति जागरूकता का दिया गया संदेश

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रतापगढ़। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम हरि पैलेस सगरा में बड़े उत्साह एवं गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने इसे एक जन-जागरूकता अभियान का रूप प्रदान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य  तथा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव रहे। इसके अतिरिक्त जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, परियोजना निदेशक दयाराम यादव, सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सह जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
 
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय लक्ष्मणपुर की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्ति एवं उत्साह से भर दिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्रम एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने एकांकी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रेरणादायक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान 05 नवप्रवेशी बच्चों को पुस्तकें, बैग एवं स्टेशनरी वितरित कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने का संदेश दिया गया। सत्र 2025-26 में सर्वाधिक नामांकन करने वाले 05 विद्यालयों को सम्मानित कर शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया गया।
 
मुख्य अतिथि विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार के विजन को साकार करने के लिए शत-प्रतिशत नामांकन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, क्योंकि शिक्षा ही उनके उज्लवल भविष्य की कुंजी है। जिलाधिकारी ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक सेवित क्षेत्र में भ्रमण कर नामांकन पंजिका तैयार की जाए तथा अभिभावकों के साथ संवाद के लिए नियमित पीटीएम आयोजित की जाए। भाजपा जिलाध्यक्ष ने बच्चों को अनुशासन में रहकर मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
 
कार्यक्रम में जिले के समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, एआरपी, पूर्व एआरपी एवं विभिन्न विकास खंडों के शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन योगेश प्रताप सिंह द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला समन्वयक प्रशिक्षण योगेन्द्र सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक राम कुमार सिंह, सुशील सिंह, एसआरजी चन्द्रजीत, एसआरजी आशुतोष, पवन सिंह एवं डॉ. आशुतोष सिंह का विशेष योगदान रहा। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए “स्कूल चलो अभियान” को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें