प्रयागराज में “मौत का मांझा” बना आफत, शादी से पहले युवक की गर्दन कटी बाल-बाल बची जान

समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई, लेकिन हालत गंभीर बनी रही

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

झूंसी प्रयागराज। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला प्रयागराज के पुरानी झूंसी इलाके का है, जहां शादी की खुशियां उस समय मातम में बदलते-बदलते बचीं, जब एक युवक की गर्दन चाइनीज मांझे से बुरी तरह कट गई।

मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी झूंसी निवासी मोहम्मद साहिल के घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। घर में उत्सव का माहौल था और महज 2–4 दिन बाद उसकी शादी होने वाली थी। रविवार की शाम करीब 6 बजे तक साहिल घर पर सजावट का काम देख रहा था। इसके बाद वह कपड़े खरीदने के लिए अपने मामा इम्तियाज के साथ बाइक से शहर की ओर निकला।

शाम करीब 7 बजे जैसे ही वे ईसीसी कॉलेज के सामने पहुंचे, तभी अचानक हवा में तना हुआ प्रतिबंधित चाइनीज मांझा सामने आ गया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, मांझा सीधे साहिल की गर्दन में उलझ गया। बाइक चला रहे मामा इम्तियाज ने तुरंत वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक मांझा साहिल की गर्दन में गहराई तक कट चुका था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मांझा इतना धारदार था कि कुछ ही सेकंड में साहिल की गर्दन बुरी तरह जख्मी हो गई और वह खून से लथपथ हो गया। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर कई टांके लगाए। समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई, लेकिन हालत गंभीर बनी रही।

यह घटना एक बार फिर प्रशासनिक दावों की पोल खोलती है। प्रदेश में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है और लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर सख्त प्रतिबंध के स्पष्ट निर्देश दिए हैं, इसके बावजूद बाजारों में इसकी बिक्री जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह प्रयागराज में पहली घटना नहीं है। आए दिन इस तरह के हादसे सामने आ रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें