बस्ती में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ने छीनी एक युवक की जान

दो जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बस्ती। बस्ती जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां 27 मार्च 2026 की देर रात करीब 10:00 बजे बस्ती-बांसी मार्ग पर ग्राम बालेडीहा के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।सूचना मिलते ही थाना वाल्टरगंज के थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके का मंजर बेहद भयावह सड़क पर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल पड़ी थी और तीन युवक खून से लथपथ हालत में तड़प रहे थे। पुलिस ने बिना समय गंवाए एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को जिला चिकित्सालय बस्ती भिजवाया।
 
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल (UP 51 AK 8846) पर सवार तीन युवक—मनीष (24 वर्ष) पुत्र हरिशंकर, रामवृक्ष (24 वर्ष) पुत्र रामनाथ निवासी ग्राम रुद्रपुर थाना सोनहा जनपद बस्ती, तथा उनका रिश्तेदार दीपक (22 वर्ष) पुत्र राजकुमार निवासी गोविंदपुर थाना सहजनवा जनपद गोरखपुर—बस्ती से बांसी की ओर जा रहे थे। तभी अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक (UP 53 AT 4212) से जा भिड़ी।
 
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं रामवृक्ष और दीपक की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए कैली (मेडिकल कॉलेज) रेफर कर दिया।इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही मृतक और घायलों के गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
 
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि सड़क पर जरा सी लापरवाही किस तरह किसी की जिंदगी छीन सकती है। प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता के बावजूद लोग यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिसका खामियाजा इस तरह की दुखद घटनाओं के रूप में सामने आ रहा है।अपील: वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, हेलमेट का प्रयोग करें और तेज रफ्तार से बचें—क्योंकि आपका इंतजार घर पर कोई कर रहा होता है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें