ग्राम सराय एसर में एक दिवसीय शिविर आयोजित
विद्यार्थियों ने किया जागरूकता अभियान
कर्म क्षेत्र पी.जी. कॉलेज, इटावा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने सोमवार को ग्राम पंचायत सराय एसर में अपना प्रथम एक दिवसीय शिविर आयोजित किया, जिसमें सामुदायिक जुड़ाव और जागरूकता अभियानों पर जोर दिया गया।
इटावा, 23 फरवरी। कर्म क्षेत्र पी.जी. कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम पंचायत सराय एसर में प्रथम एक दिवसीय शिविर का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता फैलाना तथा विद्यार्थियों में सेवा भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह ने स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। शिविर स्थल पर ग्राम प्रधान सरवर सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन प्रदान किया।
शिविर के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने ग्रामीण बस्ती में घर-घर जाकर संवाद स्थापित किया तथा क्षेत्र का सर्वेक्षण कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी जुटाई। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजीत कुमार दीक्षित ने बताया कि सर्वेक्षण में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, यातायात नियमों के पालन एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता की कमी प्रमुख रूप से सामने आई। इस दौरान पर्यावरण प्रदूषण से होने वाली हानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सर्वेक्षण के पश्चात स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को फाइलेरिया रोग के प्रति जागरूक करते हुए उसके बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी दी। मध्याह्न अवकाश में स्वयंसेवकों को अल्पाहार प्रदान किया गया। इसके उपरांत खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत किए। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजीत कुमार दीक्षित ने सभी अतिथियों, ग्रामवासियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रो. शिवराज यादव, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. नमिता पाण्डेय, डॉ. नीता पांडेय, बृजेन्द्र सहित अन्य शिक्षकगण एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र सेवा की भावना को नई ऊर्जा मिली।

Comments