नर्मेदेश्वर महादेव मंदिर गौरा में विशाल भंडारे का भव्य आयोजन

अधिवक्ता शिक्षा तिवारी व परिजनों द्वारा किया गया विशेष धार्मिक आयोजन

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

अमेठी। जनपद के जामो कस्बा क्षेत्र अंतर्गत गौरा चौराहा स्थित  श्रद्धा का केंद्र नर्मेदेश्वर महादेव मंदिर पर  इस वर्ष भी गत वर्षों की भांति विशाल भंडारे का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार एवं रुद्राभिषेक के साथ किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।इस पुनीत अवसर पर हाई कोर्ट लखनऊ की अधिवक्ता शिक्षा तिवारी ने अपने परिजनों एवं सहयोगियों के साथ मिलकर विशेष रूप से भंडारे का आयोजन कराया।
 
कार्यक्रम में क्षेत्रीय श्रद्धालुओं, साधु-संतों एवं दूर-दराज से आए भक्तों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।आयोजन के दौरान विद्वान आचार्यों द्वारा देवाधिदेव महादेव की महिमा का विस्तृत वर्णन किया गया। प्रवचनों में बताया गया कि भगवान शिव सृष्टि के संहारक ही नहीं, बल्कि करुणा, कल्याण और मोक्ष के दाता भी हैं। नर्मदेश्वर शिवलिंग की विशेष महत्ता का वर्णन करते हुए कहा गया कि नर्मदा नदी से प्राप्त शिवलिंग स्वयंभू एवं अत्यंत सिद्ध माने जाते हैं। इनकी पूजा-अर्चना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि का वास होता है।
 
श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्थाभंडारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर सेवा कार्य में भाग लिया। प्रसाद वितरण देर शाम तक चलता रहा। आयोजन समिति द्वारा स्वच्छता, पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिसकी श्रद्धालुओं ने सराहना की।समाज में एकता का संदेशइस अवसर पर अधिवक्ता शिक्षा तिवारी ने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति की पहचान हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता, सहयोग और सेवा भाव को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी भक्तों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
 
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने क्षेत्रीय जनमानस को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। इस दौरान रामनरेश तिवारी, कृपा शंकर तिवारी (सोहगौरा )हरिशंकर तिवारी, जयशंकर तिवारी, राम दुलारे तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार सुशील कुमार मिश्रा, कुलदीप शुक्ला, शिखर तिवारी, अभिनन्दन ओझा सहित हजारों भक्तगण शामिल हुए।

About The Author

Post Comments

Comments