राजनीति
चोरी की वारदात से दहशत, लाखों के आभूषण व नगदी पार
शुकुल बाजार अमेठी। जनपद के थाना क्षेत्र शुकुल बाजार अंतर्गत ग्राम दक्खिनगांव मजरा के पूरे लदई दुबे में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश कुमार मिश्रा के घर में घुसे चोर सोने-चांदी के कीमती आभूषण तथा नगदी समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।
पीड़ित परिवार के अनुसार रात में अज्ञात चोर घर में दाखिल हुए और कमरे में रखे बक्से व अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात व नकदी पार कर दी। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों के होश उड़ गए और गांव में हड़कंप मच गया।पीड़ित सुरेश कुमार मिश्रा ने थाना शुकुल बाजार पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर दी है।
मामले में थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा पुलिस टीम गठित कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वही लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रीय लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाए जाने और शीघ्र खुलासे की मांग की है।

Comments