राजनीति
अन्तर जनपदीय पुलिस खेल प्रतियोगिता-2026 का समापन
विजेताओं को किया गया सम्मानित
बस्ती। पुलिस लाइन बस्ती में आयोजित गोरखपुर जोन की 31वीं अन्तर जनपदीय कुश्ती क्लस्टर (महिला/पुरुष), कुश्ती, बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म रेसलिंगप्रतियोगिता- 2026 का शनिवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 05 फरवरी से 07 फरवरी 2026 तक चला, जिसमें गोरखपुर जोन के 10 जनपद गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती, संतकबीरनगर, बहराइच, गोण्डा, बलरामपुर, देवरिया तथा सिद्धार्थनगर की पुलिस टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी रहे।
उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पुलिस बल में शारीरिक दक्षता, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करती हैं। कुश्ती प्रतियोगिता पुरुष वर्ग में जनपद गोण्डा ने 60 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जनपद सिद्धार्थनगर 20 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। महिला कुश्ती वर्ग में जनपद गोरखपुर और बस्ती दोनों ने 20-20 अंक प्राप्त किए, लेकिन गोरखपुर को दो गोल्ड मेडल अधिक होने के कारण तकनीकी आधार पर प्रथम स्थान प्रदान किया गया, जबकि बस्ती द्वितीय स्थान पर रहा।
बॉक्सिंग पुरुष वर्ग में जनपद बस्ती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया और सिद्धार्थनगर 20 अंक के साथ द्वितीय रहा। बॉक्सिंग महिला वर्ग में सिद्धार्थनगर ने 20 अंक के साथ प्रथम तथा देवरिया ने 15 अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
ग्रीको रोमन कुश्ती पुरुष वर्ग में जनपद बस्ती ने 55 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि गोण्डा 15 अंक के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। आर्म रेसलिंग पुरुष वर्ग में बस्ती और बहराइच दोनों ने 35-35 अंक प्राप्त किए, लेकिन टाई ब्रेक के आधार पर बहराइच को प्रथम और बस्ती को द्वितीय स्थान मिला। आर्म रेसलिंग महिला वर्ग में संतकबीरनगर प्रथम तथा देवरिया द्वितीय स्थान पर रहा।
बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में सिद्धार्थनगर ने 30 अंक के साथ प्रथम स्थान और बस्ती ने 22 अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला बॉडी बिल्डिंग में बस्ती ने 8 अंक के साथ प्रथम और गोरखपुर ने 5 अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्री यशवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्री श्यामकांत, क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी, प्रतिसार निरीक्षक बस्ती, खेल टीम मैनेजर एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments