Haryana: हरियाणा में मंत्री के सामने भिड़े कार्यकर्ता, जमकर चले लात-घूंसे
Haryana News: हरियाणा के रोहतक जिले के गांव पहरावर में रविवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के तीसरे कैंपस के भूमि पूजन समारोह के दौरान कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा के सामने ही मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिससे कुछ देर के लिए समारोह अखाड़े में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद की शुरुआत बेहद मामूली बात से हुई। गांव पहरावर के पूर्व सरपंच एवं वार्ड नंबर-20 से पार्षद प्रवीण कौशिक और गांव भालौठ निवासी मोनू अत्री के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि प्रवीण कौशिक ने मोनू अत्री से केवल “नीचे बैठ जाने” को कहा था।
इसी बात को मोनू अत्री ने अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया और देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया। कुछ ही पलों में दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई, जिससे पंडाल में अफरा-तफरी मच गई।
मंत्री के सामने हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
हैरानी की बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा की मौजूदगी में हुआ। मंच की गरिमा को नजरअंदाज करते हुए कार्यकर्ता एक-दूसरे पर टूट पड़े। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और दोनों पक्षों को अलग किया गया।
इसके बाद मंत्री अरविंद शर्मा ने स्वयं हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया और आपसी सुलह करवाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने और भाईचारे को बनाए रखने की अपील की।
हंगामे के बीच एक और विवाद सामने आया, जब वहां कवरेज कर रहे एक पत्रकार के साथ भी एक कार्यकर्ता की झड़प हो गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले को शांत कराया, जिससे स्थिति और ज्यादा न बिगड़े।
हाथापाई और शोर-शराबे के कारण कार्यक्रम कुछ समय के लिए बाधित जरूर हुआ, लेकिन बाद में मंत्री और आयोजकों की समझाइश के बाद माहौल सामान्य हो गया। भूमि पूजन की प्रक्रिया पूरी की गई और पुलिस प्रशासन ने एहतियातन कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी, ताकि समारोह का बाकी हिस्सा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
About The Author
imskarwasra@gmail.com
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l

Comments