राजनीति
भारत
Renault ने भारत में नए अवतार में पेश की डस्टर, हाइब्रिड और टर्बो इंजन के साथ होगी लॉन्च
Reanault Duster: फ्रांस की ऑटोमोबाइल कंपनी रेनो (Renault) ने सोमवार को भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय एसयूवी डस्टर को नए और आधुनिक अवतार में पेश किया। इस मौके पर रेनो ग्रुप के मुख्य वृद्धि अधिकारी फेब्रिस कैम्बोलिव ने कहा कि भारत कंपनी के लिए सबसे अहम और संभावनाशील बाजारों में से एक है।
भारत रेनो की वैश्विक रणनीति का अहम हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान फेब्रिस कैम्बोलिव ने कहा, पिछले कुछ वर्षों में हमारा फोकस लैटिन अमेरिका, कोरिया, तुर्किए और मोरक्को के साथ-साथ भारत पर रहा है। यह हमारी वैश्विक प्रतिस्पर्धी रणनीति का हिस्सा है। भारत में हम ‘इंटरनेशनल गेम प्लान 2027’ के तहत आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यूरोप के बाहर भारत रेनो की ग्रोथ के लिए सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक बना हुआ है।
चेन्नई प्लांट का पूर्ण स्वामित्व बना रेनो की ताकत
रेनो ग्रुप ने हाल ही में निसान से चेन्नई मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट की शेष 51% हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया है। इसके बाद अब यह प्लांट पूरी तरह रेनो के स्वामित्व में आ गया है।
कैम्बोलिव ने कहा, चेन्नई प्लांट का पूर्ण स्वामित्व मिलने के बाद हम भारत में अपनी विस्तार योजनाओं को और तेज़ी से आगे बढ़ा रहे हैं। नई डस्टर के साथ हम भारतीय बाजार में एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं।
हाइब्रिड और टर्बो इंजन के साथ आएगी नई डस्टर
रेनो इंडिया ने नई डस्टर को हाइब्रिड इंजन और टर्बो पेट्रोल इंजन के विकल्पों के साथ पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह गाड़ी मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट की सबसे दमदार और आधुनिक एसयूवी होगी।
मार्च में हो सकता है कीमत का ऐलान
कंपनी ने फिलहाल नई डस्टर की कीमतों का खुलासा नहीं किया है। रेनो इंडिया के अनुसार, मार्च 2026 में इसकी कीमत और लॉन्च टाइमलाइन की घोषणा की जा सकती है।
रेनो इंडिया के सीईओ स्टीफन डेब्लेज ने कहा कि नई डस्टर को भारतीय ग्राहकों की जरूरतों और ड्राइविंग कंडीशंस को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।
डस्टर का भारत में सफर
रेनो ने भारत में डस्टर को पहली बार जुलाई 2012 में लॉन्च किया था। इस एसयूवी ने देश में मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट को लोकप्रिय बनाने में बड़ी भूमिका निभाई।
फिलहाल रेनो इंडिया भारतीय बाजार में क्विड, ट्राइबर और काइगर मॉडल्स की बिक्री करती है। नई डस्टर की वापसी के साथ कंपनी को उम्मीद है कि वह भारत में अपनी बाजार हिस्सेदारी को मजबूत कर पाएगी।
About The Author
imskarwasra@gmail.com
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l

Comments