राजनीति
भारत
बकरी चोरी की घटनाओं का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार
घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है
भदोही। थाना चौरी पुलिस टीम ने बकरी चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई दो बकरियां, बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल और 6000 रुपये नकद बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम ममहर, चौरी खास व मानिकपुर क्षेत्रों में अलग-अलग तिथियों में बकरी चोरी की घटनाएं हुई थीं। पीड़ित जगराम गौतम, मिंटू सोनकर और मीरा देवी द्वारा दी गई तहरीरों के आधार पर थाना चौरी में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थाना चौरी पुलिस ने रात्रि चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम पचपटीया के बाहर बगीचे से आरोपी गुड्डू गौतम, विक्रम गौतम एवं मुकेश नट (निवासी जनपद वाराणसी) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कई स्थानों से बकरियां चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि अभियुक्त चोरी की बकरियां बेचकर उन्हें खपाने का काम करते थे। बरामदगी के आधार पर मुकदमों में धाराएं बढ़ाते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments