Haryana: हरियाणा में राज्यसभा सांसद ने थामा बीजेपी का दामन, सीएम नायब सैनी की मौजूदगी में हुए शामिल
Haryana News: हरियाणा में कैथल जिले के गुहला-चीका क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद ईश्वर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय पंचकमल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में उन्होंने औपचारिक रूप से बीजेपी जॉइन की।
चार दशकों से अधिक का राजनीतिक अनुभव
ईश्वर सिंह का राजनीतिक सफर चार दशक से भी ज्यादा पुराना है। वे गुहला (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं। पहली बार 1977 से 1982 तक और दूसरी बार अक्टूबर 2019 से 2024 तक उन्होंने विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा वे वर्ष 2008 से 2014 तक राज्यसभा सांसद भी रहे।
कुमारी सैलजा के रहे करीबी, कई बार बदली राजनीतिक राह
एक समय ईश्वर सिंह कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा के करीबी माने जाते थे और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन भी रह चुके हैं। 2019 में गुहला-चीका सीट से कांग्रेस टिकट न मिलने पर उन्होंने जेजेपी का रुख किया और वहां से विधायक बने। 2024 के चुनाव से पहले कांग्रेस का माहौल बनने पर उन्होंने अपने बेटे और परिवार को कांग्रेस में शामिल कराया, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद अब उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है।
प्रशासनिक और शैक्षणिक संस्थानों में भी निभाई अहम भूमिका
ईश्वर सिंह हरियाणा आवास बोर्ड के अध्यक्ष, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष और केंद्रीय सहकारी बैंक कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। वे एमए (लोक प्रशासन), एमए (राजनीति विज्ञान) और एलएलएम जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यता रखते हैं। इसके साथ ही वे कुरुक्षेत्र स्थित कई शिक्षण संस्थानों से लंबे समय से जुड़े रहे हैं।
About The Author
imskarwasra@gmail.com
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l

Comments