नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
प्राइवेट दुकानों पर महंगे दामों पर बिक रहा यूरिया खाद
266.50 रूपए कीमत की यूरिया निजी दुकानों से 500 से 600 रूपए में खरीद रहे किसान
रतनपुर/महराजगंज। नौतनवा ब्लाक क्षेत्र के प्राइवेट खाद की दुकानों पर यूरिया खाद के लिए किसानों से मनमाफिक दाम वसूले जा रहे हैं। नौतनवा ब्लाक क्षेत्र के जिगिना, जमुहानी, गंगवलियां, गंगापुर, हरलालगढ़ आदि प्राइवेट दुकानदार एक बोरी यूरिया की कीमत 500 से 600 रुपए किसानों से वसूल रहे हैं। इन दिनों किसान गेहूं का सिंचाई कर रहे हैं। ऐसे में गेहूं के सिंचाई के बाद किसानों को यूरिया खाद की जरूरत है। निजी दुकानों पर खाद के दामों में सरकारी दर के अपेक्षा दोगुना दाम लिया जा रहा है। किसानों को सरकारी समितियों पर उनके आवश्यकता अनुसार खाद नहीं मिल पा रही है।
इसी का फायदा उठाकर प्राइवेट खाद विक्रेता महंगें दामों पर किसानों को यूरिया बेचकर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। स्थिति यह है कि 266 रूपए कीमत की खाद किसानों को 500 से 600 रूपए देनी पड़ रही है। निजी दुकानों पर यूरिया खाद की हुई बढ़ोतरी ने किसानों के सिर पर कर्ज का बोझ बढ़ा दिया है। एक तरफ सरकार बीज व उर्वरक को अनुदानित दर पर उपलब्ध कराने की योजना चलाई है। बावजूद इसके निजी दुकानदार फायदा उठाकर किसानों की जेब पर भारी बोझ डाल रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र के किसानों ने जिले के आलाधिकारियों से प्राइवेट खाद विक्रेताओं पर नकेल कसने की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम नौतनवां नवीन कुमार ने कहा कि जांच-पड़ताल कर मनमाने दाम पर खाद बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।


Comments