गलत इंजेक्शन से बिगड़ी हालत ऑपरेशन के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने लगाया ट्रॉमा सेंटर पर लापरवाही का आरोप

परिजनों का आरोप मरीज को मिलने नहीं दिया गया, वाराणसी रेफर करने से पहले ही हो चुकी थी मौत, पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन

Swatantra Prabhat Reporters Picture
Published On

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कालीचाबाद स्थित अरुणोदय सर्जिकल एंड ट्रॉमा सेंटर में रविवार को ऑपरेशन के दौरान एक युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही बरती गई और गलत इंजेक्शन लगाए जाने से मरीज की हालत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।
 
मृतक की पहचान सनोज सोनकर (निवासी कबीरुद्दीनपुर, थाना गौराबादशाहपुर) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह पित्त की थैली में पथरी का ऑपरेशन कराने रविवार दोपहर अस्पताल पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन की तैयारी के दौरान उन्हें इंजेक्शन लगाया गया, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।
 
परिजनों ने आरोप लगाया कि बार-बार आग्रह के बावजूद मरीज से मिलने नहीं दिया गया। कुछ देर बाद डॉक्टर सीने पर दबाव देते हुए बाहर आए और आनन-फानन में एंबुलेंस से वाराणसी रेफर कर दिया। वहां के एपेक्स हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने मरीज को मृत घोषित कर दिया।
 
मृतक के चचेरे भाई सुरेश सोनकर ने कहा, “हमारे भाई को पथरी का ऑपरेशन कराने लाया गया था, लेकिन गलत इंजेक्शन से उनकी हालत खराब हो गई। जब तक हमें सूचना मिली, तब तक उन्हें जबरन वाराणसी भेजा जा चुका था। वहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी मौत हो चुकी है। हम जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई चाहते हैं।”
 
इसी तरह मृतक के भांजे अजय सोनकर ने कहा, “सुबह 10 बजे से अस्पताल में थे। डॉक्टर ने एक सुई लगाकर उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले लिया। मिलने नहीं दिया गया। बाद में जब बाहर लाए गए तो हालत बेहद गंभीर थी और वाराणसी ले जाते समय उनकी मौत हो चुकी थी।”
 
घटना की जानकारी मिलते ही लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। फिलहाल मृतक के परिजन न्याय की मांग को लेकर अड़े हैं।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें