सोनभद्र में सपा का प्रदर्शन, अलीगढ़ हमले पर जताया आक्रोश
भाजपा सरकार में लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों की अनदेखी- रामनिहोर यादव ( सपा जिलाध्यक्ष)
सपा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
अजित सिंह (ब्यूरो रिपोर्ट)
राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के काफिले पर अलीगढ़ में हुए हमले के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने सोनभद्र कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया और राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों की लगातार अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अराजक तत्वों को खुला संरक्षण मिल रहा है और शासन-प्रशासन इन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
रामनिहोर यादव ने यह भी आरोप लगाया कि दलित विरोधी मानसिकता के कारण सरकार द्वारा पोषित कर्णी सेना के लोग, जो मुख्यमंत्री की जाति से जुड़े हैं, दलितों पर अत्याचार कर रहे हैं और उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकजुटता को सरकार की बौखलाहट का कारण बताया, जिसके चलते इस प्रकार के हमले हो रहे हैं। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीडीए समाज का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Comment List